कसया। स्थानीय थाना क्षेत्र के शिवपुर बुजुर्ग गांव के छोटका टोला में बुधवार की रात चोरों ने एक घर के चैनल का ताला तोड़कर करीब सात लाख रुपये के जेवर की चोरी कर ली। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
शिवपुर बुजुर्ग के छोटका टोला निवासी रमेश सैनी के मकान में देर रात चैनल का ताला तोड़कर चोर दाखिल हुए। बताया जा रहा है कि उस समय घर के सदस्य गहरी नींद में थे। इसके बाद चोरों ने तीन बड़े बक्सों का ताले तोड़ दिया। उसमें रखा हार, सोने की अंगुठियां, झुमके और दो मंगलसूत्र समेत करीब सात लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए। चोरी से पहले चोरों ने घर में लगे इनवर्टर से बिजली भी काट दी थी। रात लगभग तीन बजे घरवालों की नींद खुलने पर चोरी का पता चला। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर फोन कर सूचना दी। पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर मामला कसया थाने को अवगत कराया।
मौके पर पहुंचे कसया एसओ अभिनव मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल मामला थोड़ा संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, क्योंकि चोरी के समय घर में सभी लोग मौजूद थे। अभी तहरीर नहीं मिली है।
गश्त तेज करने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस केवल कागजों पर रात्रि गश्त करती है, जबकि जमीनी स्तर पर इसकी कोई हकीकत नहीं है। लोगों ने यह भी कहा कि इसी चौराहे पर तीन माह पहले भी बलराम यादव, शिव जायसवाल और सिद्दीकी की दुकानों में चोरी हुई थी, जिससे उस समय भी ग्रामीण पुलिस की रात को गस्त करने पर सवाल उठाए गए थे।