मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के हिरनही गांव में बुधवार की देर रात एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान में चोरी हो गई। दुकान का कटरैन हटाकर अंदर घुसे चोर गल्ले में रखा 48 हजार रुपये नगद और दो मोबाइल उठा ले गए। चोरी करने से पहले आरोपियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को ढक दिया था, ताकि उनकी हरकत कैमरे में कैद न हो सके।
दुकान के मालिक कादिर अंसारी ने बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने गांव के एक व्यक्ति पर संदेह जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस दुकान की जांच पड़ताल कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। एसओ आलोक यादव ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।