पडरौना। दुकान पर जा रही पांच साल की बच्ची को टॉफी का लालच देकर युवक उठा ले गया और उससे दुष्कर्म किया।
घर लौटने में देर होने पर बच्ची की मां और दादी तलाश करने गईं तो अचेत बच्ची को सुनसान स्थान पर फेंकने के लिए जा रहे युवक को देख शोर मचाया। बच्ची को छोड़ युवक फरार हो गया।
सूचना पर आई डॉयल 112 की पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। कुबरेस्थान थाना क्षेत्र के एक गांव की पांच साल की बच्ची होली के दिन शाम को गांव में एक दुकान पर जा रही थी। रास्ते में युवक उसे टॉफी का लालच देकर गांव के बाहर खेत में उठा ले गया और दुष्कर्म किया।
अचेत हुई बच्ची को युवक सुनसान स्थान पर फेंकने जा रहा था। इस दौरान बच्ची को ढूंढ़ते हुए मां और दादी पहुंचीं तो उन्हें देख युवक बच्ची को छोड़कर भाग गया। शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंच गए। मौके पर आई पुलिस ने घटना की जानकारी ली। शनिवार को मां बच्ची को लेकर कुबेरस्थान थाने पहुंची। महिला सिपाही ने बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक विनय चौरसिया पर केस दर्ज कर लिया।
देर शाम तक गांव में दोनों परिवार के बीच तनातनी भी रही। लेकिन, पुलिस की सक्रियता के चलते कोई बात आगे नहीं बढ़ी। सीओ अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।