18 हजार उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी
बिजलीघर में लगे दस एमबीए का मुख्य ट्रांसफॉर्मर पर गिरी थी बिजली
एक्सईएन बोले- मंगलवार तक बिजली आपूर्ति शुरू होने की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कठकुइयां रोड स्थित पडरौना विद्युत उपकेंद्र में लगे दस एमबीए के मुख्य ट्रांसफॉर्मर पर बिजली गिर गई। इस वजह से विद्युत उपकेंद्र से आपूर्ति होने वाले सात फीडरों के करीब 18 हजार उपभोक्ताओं के समक्ष बिजली का संकट गहरा गया है। हालांकि बिजली निगम के अधिकारियों ने लोगों की सहूलियत के लिए लगे दूसरे ट्रांसफॉर्मर से रोटेशन के आधार पर बिजली आपूर्ति की है। उपभोक्ताओं को उमसभरी गर्मी से परेशान होना पड़ रहा है। हालांकि पडरौना नगर के रामकोला रोड स्थित मोहल्ले में दोपहर से ही बिजली नहीं आई। एक्सईएन का कहना है कि अभी मंगलवार की शाम तक बिजली आपूर्ति शुरू हो पाने की संभावना है।
कठकुइयां रोड स्थित विद्युत उपकेंद्र में लगे दस-दस एमबीए के दो ट्रांसफॉर्मर से विद्युत केंद्र से जुड़े पडरौना टाउन एक, टाउन दो, जिला उद्योग, परसौनी कला, दुदही, उपकेंद्र कैंपस और पांडेय देवरिया समेत सात फीडरों के करीब 18 हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। रविवार को दिन के करीब तीन बजे विद्युत केंद्र पर लगे दस एमबीए के ट्रांसफॉर्मर पर बिजली गिर गई। इस वजह से शहर के आधे से अधिक उपभोक्ताओं की आपूर्ति गुल हो गई। उमसभरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत दिलाने के लिए बिजली निगम ने रोस्टर के हिसाब से दूसरे ट्रांसफॉर्मर से उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। लेकिन पहले की अपेक्षा लोगों को कम बिजली आपूर्ति मिलने से परेशानी बढ़ गई है। बिजली नहीं होने पर उमस भरी गर्मी से राहत पाने के लिए लोग छत पर टहल कर या हाथ का पंखा झलकर गर्मी से राहत पाने की जुगाड़ में लगे रहे। बिजली नहीं होने पर सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और मरीजों को उठानी पड़ रही है। पडरौना नगर में सुबह पांच बजे से दस बजे, दोपहर 12 बजे से तीन बजे और शाम पांच बजे से रात दस बजे तक पानी की आपूर्ति की जाती है। लेकिन पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से नगर पालिका की तरफ से बिजली आपूर्ति के समय में भी कटौती की जा रही है, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली कटौती से सबसे अधिक परेशानी नगर के व्यापारियों को उठानी पड़ रही है। शहर के व्यवसायी जेनरेटर चलाकर किसी तरह कार्य निपटाने में लगे रहे। इसके अलावा रामकोला रोड स्थित अंबेडकर नगर मोहल्ले में भी दोपहर से ही बिजली गुल रही, जिससे लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ा।
शीघ्र दूर होगा बिजली संकट
उपकेंद्र पर बिजली गिरने से दस एमबीए का एक ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया है। इस कारण उपभोक्ताओं को बिजली समस्याओं से परेशान होना पड़ रहा है। नया ट्रांसफॉर्मर मंगाने के लिए उच्चाधिकारियों से संपर्क स्थापित किया गया है। लोगों की सहूलियत को देखते हुए दूसरे ट्रांसफॉर्मर से रोस्टर बनाकर बिजली आपूर्ति की जा रही है। मंगलवार की शाम तक बिजली आपूर्ति शुरू हो पाने की संभावना है।
- सुनील चंद्र श्रीवास्तव, एक्सईएन विद्युत
जेनरेटर चलाकर कर निपटा रहे काम
पडरौना। बिजली उपभोक्ता इकरार अहमद ने कहा कि शहर में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। ऐसे में रविवार की शाम से पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। बिजली उपभोक्ता विष्णु सिंह ने कहा कि पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से घर में लगे इन्वर्टर समेत अन्य बिजली के उपकरण बैठ गए हैं। मोबाइल चार्ज करने में भी परेशानी हो रही है। दवा व्यवसायी शुभम पाठक ने कहा कि बिजली के अभाव में जेनरेटर चलाकर कर जरूरी कार्य निपटाया जा रहा है। इससे डीजल के नाम पर लोगों को जेब ढीली करनी पड़ रही है। शहर के व्यवसायी दिलीप ने बताया कि रविवार की शाम से ही बिजली कटौती होने से परेशानी बढ़ गई है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है। इससे लोगों में काफी नाराजगी है।
विद्युत उपकेंद्र लगी आग, 48 गांवों में बिजली गुल
गिदहाचक बैरिया विद्युत उपकेंद्र पर बिजली गिरने से घटी घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
अहिरौली बाजार। क्षेत्र के गांव गिदहा चक बैरिया स्थित विद्युत उपकेंद्र पर सोमवार को बिजली गिरने से आग लग गई। इस वजह से उपकेंद्र के उपकरण जल गए। इससे क्षेत्र के 48 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है।
सोमवार को दिन के करीब 11 बजे बारिश के दौरान विद्युत केंद्र पर बिजली गिर गई। इस वजह से उपकेंद्र में आग लग गई। इससे शाहपुर और बेलवा फीडर जल गया। मुख्य आपूर्ति करने वाली मशीन भी जल गई। इस वजह से क्षेत्र के 48 गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना पर पहुंचे एसडीओ भोलानाथ और अवर अभियंता अरविंद कुमार ने जले उपकरणों का निरीक्षण किया। अवर अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि कुछ गांवों की विद्युत सप्लाई चालू कराने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन पूरी तरह जले दो फीडरों को चालू कराने में वक्त लगेगा।