केशवा नाले में मिले शव की हुई शिनाख्त
समउर बाजार। पटहेरवा थाना क्षेत्र के पिपरा कनक गांव के बोदा टोला के पास केशवा नाले में मिले शव की शिनाख्त हो गई है। पुलिस ने शव की पहचान पटहेरवा थाना क्षेत्र के गांव मतलुकछापर निवासी बाबूलाल खरवार (45) के रूप में की है।
केशवा नाले में बृहस्पतिवार की सुबह मछली पकड़ने गए लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने शव निकालने के बाद उसके शिनाख्त की कोशिश की। तब शिनाख्त नहीं हो पाई थी। शनिवार को मृतक व्यक्ति के बेटे दीपू खरवार ने पुलिस से संपर्क कर बताया कि उनके पिता बाबूलाल चार दिनों से घर से लापता हैं।
हल्का दरोगा सुभाष चंद्र श्रीवास ने मर्चरी हाउस ले जाकर युवक को शव दिखाया तो दीपू ने शिनाख्त की। बताया कि शव उनके पिता बाबूलाल का है। बताया कि उनके पिता मानसिक रूप से बीमार होने के चलते अक्सर लापता हो जाते थे। एसआई सुभाष श्रीवास ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण पता चलेगा।