तुर्कपट्टी। बसडीला पांडेय में राष्ट्रीय एकता मंच की ओर से रविवार को आयोजित राज्यस्तरीय वाॅलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन हुए चार मुकाबले खेले गए, इसमें गोरखपुर स्टेडियम, हॉस्टल देवरिया, देवरिया और बेगू सराह टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
मैच के शुभारंभ में स्टेडियम गोरखपुर ने आजाद क्लब बतरौली को लगातार दो सेटों में 15-3 तथा 15-4 से शिकस्त दी। हाॅस्टल देवरिया ने स्टेडियम गोरखपुर को दो सेटों में 15-8 तथा 15-13 से हरा दिया। वहीं देवरिया ने बतरौली बाजार को दो सेटों में 15-8 एवं 15-13 से शिकस्त दी। जबकि अंतिम मुकाबले में बेगूसराय ने गोरखपुर हॉस्टल को 15-13 तथा 16-14 पराजित कर अगले दौर में अपना स्थान सुरक्षित किया। इसके पूर्व प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी संतोष तिवारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं गेंद उछाल कर किया। खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाके में इस प्रकार की प्रतियोगिता युवा पीढ़ी में जोश भरने का कार्य करती है। जिला पंचायत सदस्य अमरेश यादव ने कहा कि इस खेल से शारीरिक के साथ मानसिक दृढ़ता को भी मजबूत करता है। प्रतियोगिता के आयोजक डाॅ. सत्येन्द्र पांडेय सहित उनके सहयोगियों की भी प्रशंसा की। कमेंटरी महेंद्र शर्मा व विनय यादव ने की। इस दौरान बसंत पटेल, पवन सिंह, नर्वदा राय, प्रमोद पांडेय, रामेश्वर यादव, चंद्रशेखर यादव, शमशाद अंसारी सहित तमाम लोग उपस्थित थे।