गंडक नदी में कूदी महिला को लोगों ने बचाया
मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
खड्डा(कुशीनगर)। गंडक नदी में कूदकर जान देने पहुंची महिला को गांव के लोगों ने बचाकर तुर्कहां सीएचसी में भर्ती कराया। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में लगी है।
जटहां थानाक्षेत्र की रहने वाली एक महिला बीमारी से परेशान होकर जान देने की नीयत से खड्डा थानाक्षेत्र के पनियहवा पुल के पास नदी में कूद गई। वहां मौजूद गांव के लोग नाविक राजेंद्र की मदद से उसे सकुशल बाहर निकाल लिया। मौके पर पहुंची सालिकपुर चौकी के पुलिस ने महिला को तुर्कहां सीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद अब वह स्वस्थ है। महिला ने बताया कि उसे गंभीर बीमारी है। इलाज कराते व दवा खा-खाकर परेशान है। वह घर से पैदल चलकर नदी किनारे पहुंची थी। खड्डा थाने के एसआई पीके सिंह व सालिकपुर चौकी इंचार्ज राजेश कुमार ने अस्पताल पहुंचकर महिला से जानकारी प्राप्त की। इसके बाद मामले की जानकारी परिजनों को दी।