पडरौना। मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी जानकारी और समस्याओं के समाधान के लिए अब कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। निर्वाचन कार्यालय में स्थापित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर का मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय चौहान ने फीता काटकर उद्घाटन किया। अब मतदाता घर बैठे टोल फ्री नंबर 1950 और 05564-1950 पर फोन कर निर्वाचन संबंधी जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
डीएम ने बताया कि इस सेंटर के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, नाम और पते में संशोधन, मतदाता पहचान पत्र बनवाने और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी अन्य जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा मतदाता अपनी जिज्ञासाएं और शिकायतें भी दर्ज करा सकेंगे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सेंटर का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि सेंटर पर आने वाली प्रत्येक कॉल, शिकायत और समस्या को गंभीरता से लिया जाए। उनका निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।