करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत
कसया (कुशीनगर)। थाना क्षेत्र के अंध्या गांव में रात के करीब आठ बजे खराब पंखे को बनाते समय एक व्यक्ति करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने पहुंचा उसका पुत्र भी करंट की जद में आ गया। गंभीर हालत में दोनों को परिजन फाजिलनगर सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि इस गांव के 45 वर्षीय अयोध्या शनिवार को घर में खराब पड़े पंखे की मरम्मत कर रहे थे। तभी पंखा उनके हाथ से छूट गया। पंखे में करंट आने की वजह से वह चपेट में आ गए। उन्हें बचाने पहुंचा उनका तीसरे नंबर का 16 वर्षीय पुत्र अक्षय पटेल भी करंट की चपेट में आ गया।
पिता-पुत्र को गंभीर हालत में एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फाजिलनगर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पिता पुत्र की मौत से घर में कोहराम मच गया है। सीएचसी से दोनों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।