नाले में मिला बुजुर्ग महिला का शव
एक दिन पूर्व घर से निकली थीं बुजुर्ग महिला
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। थानाक्षेत्र के गांव बटेसरा से होकर बह रहने वाले बकिया नाले में रविवार को एक बुजुर्ग महिला का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों के सहयोग से शव को नाले से बाहर निकलवाया।
बटेसरा गांव निवासी सुदामा कुशवाहा की 63 वर्षीया पत्नी यशोदा देवी शनिवार की देर शाम घर से कहीं जाने के लिए निकली थीं। आशंका जताई जा रही है कि अंधेरा होने के कारण नाले की रेलिंग विहीन पुलिया से नीचे गिर गई होंगी। खोजबीन के बाद भी देर रात तक उनका पता नहीं चल सका था। रविवार की सुबह पुल से करीब एक किलोमीटर दूर उनका शव नाले में दिखा। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। हल्का इंचार्ज रविभूषण राय ने लोगों के सहयोग से शव को बाहर निकलवाया। एसओ अनिल उपाध्याय ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर गई थी। इस मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।