रेलवे लाइन के किनारे मिला बुजुर्ग का शव
घटनास्थल पर मिला जहर का पैकेट और पानी का खाली बोतल
कुबेरस्थान(कुशीनगर)। पडरौना कोतवाली थानाक्षेत्र के पिपरा शोभमल्ल गांव के पास रेलवे लाइन के किनारे शनिवार सुबह करीब दस बजे एक बुजुर्ग का शव संदिग्ध हाल में मिला।
कोतवाली थानाक्षेत्र के पिपरा शोभमल्ल गांव के पास अधिकारी टोला मार्ग के उत्तर रेलवे लाइन के किनारे सुबह एक बुजुर्ग का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा था। खेत देखने गए गांव के लोगों ने शव को देखकर शोर मचाया। शव के बगल में कपड़े और जूते के अलावा जहर का पैकेट और इस्तेमाल की गई पानी की बोतल मिली। लोगों के सूचना पर पहुंची कोतवाली और कुबेरस्थान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मौके पर जुटे लोगों से शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।
पडरौना के कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर गई थी। बुजुर्ग के शव की पहचान नहीं हो पाई है। शव को तीन दिनों तक मर्चरी हाउस में रखने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इस संबंध में यदि कोई तहरीर मिलती है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।