सुकरौली। ब्लॉक परिसर में करीब 12 वर्ष पहले आम लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पानी की टंकी स्थापित की गई थी। इस योजना के तहत ब्लॉक मुख्यालय सहित आठ सार्वजनिक स्थानों पर पाइपलाइन के माध्यम से टोटियां लगाई गई थीं, ताकि आसपास आने वाले लोगों और कर्मचारियों को आसानी से पेयजल मिल सके। शुरुआत में योजना का ट्रायल भी किया गया, लेकिन कुछ ही दिनों बाद यह व्यवस्था ठप हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टंकी से पानी की आपूर्ति शुरू होने के कुछ समय बाद ही पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और कई स्थानों पर लगी टोटियां टूटकर खराब हो गईं। इसके बाद व्यवस्था की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे पूरी योजना बेकार साबित हो गई। वर्तमान समय में टंकी और पाइपलाइन केवल शोपीस बनकर रह गई हैं।
अशोक कुमार, अनूप, मनोज, रविशंकर, दिलीप, चंदन, छोटे आदि लोगों का कहना है कि ब्लॉक परिसर में रोजाना सैकड़ों लोगों का आना-जाना रहता है, लेकिन उन्हें पीने के पानी के लिए भटकना पड़ता है। यदि इस योजना को ठीक तरीके से संचालित किया जाए तो आमजन को काफी राहत मिल सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि कागजों में यह योजना अभी भी संचालित दिखाई जाती है, जबकि धरातल पर स्थिति बिल्कुल अलग है। स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने संबंधित विभाग से योजना की जांच कराकर इसे दोबारा चालू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकार की महत्वपूर्ण योजनाएं तभी सफल होंगी, जब उन्हें सही तरीके से जमीन पर लागू किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि ब्लॉक परिसर में आने वाले लोगों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल सके।
वर्जन:::::
सुकरौली कस्बा में बना ओवरहेड टैंक काफी पुराना है। इसको जलनिगम ग्रामीण की तरफ से बनवाया गया था। सुकरौली नगरीय क्षेत्र में शामिल होने के बाद उसको चालू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही उसे चालू कर पानी की आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी। -आतिफ हुसैन, एक्सईएन, जल निगम ग्रामीण।