जिला मुख्यालय स्थित डाक्टर की आवास पर छापेमारी करते एसडीएम आशुतोष, सदर सीओ व डीआई। स्रोत -सोशल
- फोटो : samvad
कुशीनगर। मेडिकल कॉलेज में तैनात जनरल फिजिशियन डॉ. दीन मोहम्मद के सरकारी आवास में प्राइवेट प्रेक्टिस का बुधवार की शाम भंडाफोड़ हुआ। सदर एसडीएम, सीओ और ड्रग्स इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर लाखों रुपये की दवाएं और जांच मशीन बरामद की हैं। इस कार्रवाई से अफरातफरी मच गई। मरीजों को भर्ती करने के लिए एक कमरे में बेड था, दूसरे कमरे में दवा और तीसरे कमरे में डाॅक्टर मरीजों का इलाज करते मिले। उनके खिलाफ ड्यूटी से अक्सर गायब रहने और सरकारी आवास पर निजी प्रैक्टिस करने की लगातार शिकायतें मिल रही थी।
मेडिकल कॉलेज कुशीनगर में तैनात डॉ. दीन मोहम्मद ड्यूटी पर बहुत कम आते थे, मरीजों को आवास पर बुलाकर फीस लेकर इलाज करते थे, दो चार दिन पर कभी-कभी ओपीडी में कुछ देर के लिए बैठ जाते थे, नहीं तो अक्सर अपने सरकारी आवास पर बिचौलियों के माध्यम से मेडिकल कॉलेज में आने वाले मरीजों को बुलाकर इलाज करते थे। इसकी शिकायत डीएम महेंद्र सिंह तंवर के पास लगातार पहुंच रही थी। डीएम के निर्देश पर बुधवार की शाम करीब 4 बजे पडरौना एसडीएम आशुतोष कुमार, सीओ अजय कुमार सिंह, ड्रग्स इंस्पेक्टर दीपक कुमार डॉ. दीन मोहम्मद के आवास पर छापेमारी किए। टीम को देख अफरा-तफरी मच गई। प्रथम तल पर डाॅक्टर के आवास के एक कमरे में ग्लूकोज के बोतल और बड़े पैमाने पर दवाएं मिलीं।
जांच में पता चला कि ओपीडी के अलावा मरीजों को भर्ती भी आवास में डाक्टर करते थे, लंबे समय से सरकारी आवास पर निजी प्रैक्टिस का खेल चल रहा था। मरीजों ने बताया कि एक मरीज से पांच सौ रुपये फीस वसूला जा रहा था। जांच टीम ने बताया कि छापेमारी के दौरान आवास में मरीजों की मौजूदगी और उपचार से जुड़ी गतिविधियां पाई गईं, जिससे अधिकारियों ने मौके पर ही जांच शुरू कर दी। टीम ने पूरे परिसर की तलाशी लेकर वहां रखी दवाओं को जब्त कर लिया। बरामद की गई दवाओं की मात्रा और वैधता की जांच के लिए मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. दिलीप जायसवाल को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद दवाओं के भंडारण, उपयोग और दस्तावेजों की गहन जांच की गई। समाचार लिखे जाने तक औषधि निरीक्षक की टीम मौके पर मौजूद रहकर बरामद दवाओं की सूची तैयार करने और आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही।
-मेडिकल कॉलेज में तैनात डाॅ. दीन मोहम्मद काफी दिनों से अपने सरकारी आवास पर निजी प्रैक्टिस कर रहे थे। इसकी शिकायतें लगातार मिल रही थीं। संयुक्त टीम ने छापेमारी की तो सरकारी आवास पर मरीजों का इलाज करते मिले। कमरे के अंदर से बड़े पैमाने पर दवाएं मिली हैं। प्रथम दृष्टया निजी प्रैक्टिस की पुष्टि हुई है। ड्रग्स इंस्पेक्टर दवाओं का मिलान कर रहे हैं। डाॅ. दीन मोहम्मद के खिलाफ नियमानुसार अभियोग पंजीकृत कराया जाएगा। -आशुतोष, एसडीएम पडरौना