पडरौना। शहर के अंबे चौक के समीप स्थित वन शक्ति देवी मंदिर की भूमि का फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैनामा कराने के आरोप में पुलिस ने भाजपा नेता समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में शहर के जटहा रोड निवासी लालबाबू गुप्ता ने बताया कि ग्राम जंगल बेलवा स्थित गाटा संख्या- 1195 की करीब आठ डिस्मिल भूमि राजस्व अभिलेखों में नाजिर पुत्र नेपाल के नाम दर्ज है। इसी भूमि पर वन शक्ति देवी मंदिर स्थित है। नाजिर ही मंदिर के पुजारी थे। जिनकी मौत करीब 50 साल पहले हो चुकी है और उनका कोई वारिस नहीं है। आरोप है कि 27 जुलाई 2024 को मृत पुजारी के नाम से फर्जी पहचान पत्र तैयार कर गोपनीय तरीके से मंदिर की भूमि की रजिस्ट्री करा ली गई। बैनामे के दस्तावेजों में विक्रेता के रूप में जिस व्यक्ति की तस्वीर लगी है,उसकी उम्र करीब 30 वर्ष प्रतीत हो रही है।
पडरौना कोतवाली पुलिस के अनुसार, इस मामले में मुख्य आरोपी एन.पी.कुशवाहा,निवासी कन्नौजिया वार्ड, पूर्वी लाजपतनगर, गवाह पारस नाथ कुशवाहा निवासी जंगल सुसपुरा, राजेंद्र निवासी जंगल वनवीरपुर और एक अज्ञात विक्रेता, जिसने पुजारी बनकर रजिस्ट्री की, उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
00000
मिले प्रार्थना पत्र और प्राथमिक तथ्यों के आधार पर भाजपा नेता समेत चार लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है, साक्ष्यों और दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -ओम प्रकाश तिवारी, प्रभारी निरीक्षक, पडरौना कोतवाली
00000
पूरी छानबीन और स्थानीय लेखपाल से जमीन की पड़ताल कराने के बाद ही नियमानुसार रजिस्ट्री कराई थी। कुछ लोग निजी स्वार्थ में इसे मंदिर की जमीन बताकर विवाद खड़ा कर मेरी राजनीतिक छवि धूमिल करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। पुलिस ने बिना जांच के ही रिपोर्ट दर्ज की है। इस मामले को न्यायालय के समक्ष ले जा रहा हूं। - एनपी कुशवाहा
मंदिर की जमीन की रजिस्ट्री कराने का मामला संज्ञान में आया है, जिसकी जांच की कार्रवाई जा रही है। एन.पी. कुशवाहा लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी में शामिल हुए थे, लेकिन वर्तमान में वह संगठन में किसी भी पद पर नहीं हैं। -दुर्गेश राय, भाजपा जिलाध्यक्ष, कुशीनगर