पडरौन। फाजिलनगर क्षेत्र के धनौजी गांव स्थित अंजुमन इस्लामिया फैजल उलूम मदरसे की प्रबंध समिति का चुनाव सोमवार को प्रशासनिक कारण से स्थगित कर दिया गया। समिति के सदस्य और पक्षकार कलक्ट्रेट पहुंचकर नाराजगी जताने लगे। एक सदस्य ने टॉवर पर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन समर्थकों ने किसी तरह मना लिया। सूचना पर आईं सीडीओ ने एक सप्ताह के भीतर निष्पक्ष का कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। सूचना पर कलेक्ट्रेट आईं सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने दोनों पक्षकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जिला अल्पसंख्यक अधिकारी न्यायालयीय कार्य की वजह से बाहर हैं, इसलिए चुनाव स्थगित किया गया। सीडीओ ने आश्वासन दिया कि अधिकारी की वापसी के बाद एक सप्ताह के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी कराकर विवाद का निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान अब्बास, संतोष तिवारी, विजय यादव आदि मौजूद रहे।
अंजुमन इस्लामिया फैजल उलूम मदरसा समिति के सदस्य प्रबंध समिति की चुनाव के लिए सोमवार को विकास भवन स्थित अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय पहुंचे थे। शुरुआती दौर में कार्यालय के कर्मचारियों ने चुनाव प्रक्रिया शुरू करने की बात कही, जिस पर दोनों पक्षों में तैयारी शुरू हो गई। कुछ देर बाद समिति के पक्षकारों को बताया गया कि जिला अल्पसंख्यक अधिकारी भरत लाल गोंड अवकाश पर हैं, जिसके कारण चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाना संभव नहीं है। इसके चलते चुनाव को लेकर शाम करीब चार बजे तक असमंजस की स्थिति बनी रही। पूरे दिन इंतजार के बाद चुनाव नहीं होने पर पक्षकार नाराजगी जताते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को संबोधित शिकायत पत्र सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया को जानबूझकर टाला जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। इसी बीच मदरसा पक्ष के एक सदस्य ने विरोध करते हुए जिला मुख्यालय स्थित टावर पर चढ़ने की कोशिश की। हालांकि उनके समर्थकों ने बीच-बचाव कर उन्हें मना लिया।