कोरोना काल में मृत कार्मिकों के आश्रितों को मिलेंगे 30 लाख
पंचायत चुुनाव के दौरान ड्यूटी करने वालों के आश्रित होंगे लाभांवित
आधार कार्ड, पैनकार्ड, खाता नंबर और वारिस प्रमाणपत्र देना होगा
राकेश कुमार गौंड़
कुशीनगर। पंचायत चुनाव में ड्यूटी करने वाले कार्मिकों की कोविड एवं नॉन कोविड से मृत 33 लोगों के आश्रितों को 30-30 लाख रुपये अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके लिए शासन ने धन जारी भी कर दिया है। इस मद में 9.90 करोड़ रुपये जारी हुए हैं। निर्वाचन विभाग ने ऐसे परिवारों के आश्रितों से आधार कार्ड, पैनकार्ड, खाता नंबर और वारिस प्रमाण पत्र मांगा है। जिनकी तरफ से यह दस्तावेज उपलब्ध करा दिए जाएंगे, उनके खाते में धनराशि भेज दी जाएगी।
कोरोना महामारी की चपेट में आने से जिले के काफी लोगों ने जान गंवाई। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े में 227 लोगों की मौत दर्शायी जा रही है। पंचायत चुनाव के दौरान ड्यूटी करने वाले कार्मिकों की कोरोना महामारी अथवा नॉन कोरोना वाले कार्मिकों की मृत्यु पर उनके आश्रितों को सरकार ने अनुग्रह राशि देने का निर्णय लिया था। इसके लिए जिला प्रशासन से कार्मिकों का ब्योरा मांगा गया था। पंचायत चुुनाव के दौरान नोडल बनाए गए पंचायतीराज विभाग की तरफ से 33 कार्मिकों का विवरण ऑनलाइन भेजा गया था, जबकि चार का ब्योरा बाद में ऑफलाइन तरीके से भेजा गया। ऑनलाइन वाले 33 कार्मिकों की सूची प्रदेश के 75 जनपदों में शामिल 1957 लोगों में शामिल कर ली गई है। जबकि अन्य चार की सूची अभी नहीं जुड़ पाई है। उनका नाम क्यों नहीं जुड़ पाया है, इस बारे में पंचायतीराज विभाग की तरफ से बता पाने में असमर्थता जताई जा रही है। संवाद
9.90 करोड़ रुपये जारी
राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश के वित्त एवं लेखाधिकारी धन सिंह की तरफ से जिला निर्वाचन अधिकारी जिला मजिस्ट्रेट को जारी पत्र में बताया गया है कि कुशीनगर के 33 कार्मिकों का नाम सूची में शामिल हुआ है। यह धनराशि कार्मिकों के आश्रितों को दी जाएगी। इस मद में 9.90 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।
जनपद से पहले 33 मतदान कार्मिकों की सूची अनुग्रह राशि के लिए तैयार कर ऑनलाइन भेजी गई थी। उसके बाद छूटे चार अन्य लोगों का नाम ऑफलाइन भेजा गया था। पहली सूची शामिल हो गई और उस मद में धन भी जारी हो गया है। चार छूटे हुए लोगों का नाम किस वजह से नहीं शामिल हो पाया, इस बारे में नहीं बता सकते।
- अभय कुमार यादव, जिला पंचायतराज अधिकारी
अनुग्रह राशि दिए जाने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग से जो सूची भेजी गई है, उसमें 33 कार्मिकों का नाम हैं। ये कार्मिक पंचायत चुनाव के दौरान ड्यूटी किए थे। कोविड या नॉन कोविड से हुई कार्मिकों की मृत्यु पर उन्हें अनुग्रह राशि दी जाएगी। इनके लिए 9.90 करोड़ रुपये जारी हुए हैं।
- एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी