पडरौना। ठंड की दस्तक के साथ ही ऊनी कपड़ों का बाजार गर्म हो गया है। ठंड से बचाव के लिए लोग ऊनी कपड़े, शाल, जैकेट सहित अन्य कपड़ों की खरीदारी करने बाजार पहुंच रहे हैं। ठंड में शहर से लेकर ग्रामीण बाजारों में गर्म कपड़ों की मांग बढ़ गई है। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ने से व्यापारी भी खुश हैं और उन्हें अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। दुकानों के अलावा अन्य प्रांतों से लोगों ने भी सर्दी के कपड़ों को सजाया है।
शहर के रामकोला रोड, कोतवाली रोड, मेन बाजार, धर्मशाल रोड के किनारे खुली दुकानों के अलावा छावनी, बस स्टेशन के पास, जिला मुख्यालय रोड स्थित सोहरौना के पास सड़क किनारे कपड़ों की दुकानें सजी हैं। इसमें बच्चों से लेकर बड़े, बुजुर्गों व महिलाओं के कपड़े शामिल हैं। जैकेट, शाल, स्वेटर, इनर व लोवर, ऊनी मोजे आदि की खरीदारी करने लोग पहुंच रहे हैं। दुकानदार राजेश अग्रवाल, प्रदीप चाहड़िया, सुरेश शर्मा, सुनील मद्धेशिया आदि ने बताया कि स्वेटर 300 से लेकर एक हजार रुपये तक आ रहे हैं वहीं, अच्छी क्वालिटी के स्वेट 1500 से 2500 रुपये तक है। फूल जैकेट 1200 से लेकर 3000 रुपये तक हैं। इसी प्रकार ऊनी टोपी 100 से 200 रुपये तक की है। ब्रांडेड कंपनी के इनर लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इसकी कीमत 450 से लेकर आठ सौ रुपये तक है।