मंसाछापर। जटहां बाजार थाना क्षेत्र के कटाई भरपुरवा गांव के दुसाधी पट्टी के पास शुक्रवार की देर रात एक ट्रक की ठोकर से सड़क किनारे लगा 11 हजार वोल्ट का बिजली पोल, तार और ट्रांसफाॅर्मर टूटकर गिर गया। हादसे के बाद से छह गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार की रात करीब 11 बजे से ही दुसाधी पट्टी, धनहा, बालचन छपरा, कनौरा सहित छह गांव की बिजली आपूर्ति ठप है। शनिवार की दोपहर बाद तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी, जिससे लोगों को जलापूर्ति के साथ घरेलू कार्य और मोबाइल चार्जिंग जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए परेशान होना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि जरार बिजली उपकेंद्र पर शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक टूटे पोल, तार और ट्रांसफार्मर की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया। इस संबंध में अवर अभियंता जरार पीएन कश्यप ने कहा कि ट्रक की ठोकर से पोल तार टूट गया है। इसके कारण छह गांव की आपूर्ति ठप है। देर शाम तक तक बिजली आपूर्ति को बहाल करवा दिया जाएगा।