पडरौना। रविन्द्र नगर थाना क्षेत्र के मटिहनियां गांव से एक युवती को दिल्ली पुलिस रविवार को गिरफ्तार किया। युवती पर दुष्कर्म के आरोप में दो लोगों पर फर्जी प्राथमिकी दर्ज कराने का आरोप है। गिरफ्तार युवती की पहचान अनुष्का दूबे पुत्री अभय कुमार दूबे के रूप में हुई है। उस पर दिल्ली और महराजगंज में दो व्यक्तियों को झूठे मुकदमों में फंसाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप है।
जानकारी के अनुसार, युवती ने पहले महराजगंज के तत्कालीन उपनिबंधक राकेश कुमार राम और दिल्ली निवासी शैलेन्द्र सिंह चौहान के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मामले दर्ज कराए थे। दिल्ली पुलिस की जांच में ये मामले झूठे और मनगढ़ंत पाए गए। जांच रिपोर्ट न्यायालय में दाखिल की गई, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर युवती के खिलाफ दिल्ली के थाना तिमारपुर में प्राथमिकी 2025 में दर्ज किया गया।
रविवार को दिल्ली पुलिस की एक टीम, जिसमें विवेचक दीपक कुमार, अनिल कुमार सिंह और महिला कांस्टेबल चंदा शामिल थीं, रविन्द्र नगर थाना पुलिस के सहयोग से मटिहनियां गांव पहुंची। टीम ने युवती को उसके घर से गिरफ्तार किया। रविन्द्र नगर धूस के थानाध्यक्ष ओपी तिवारी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की।