रामकोला। थानाक्षेत्र के खोटही घोसीपुर गांव में शुक्रवार की रात 35 वर्षीय एक महिला का शव घर में फंदे से लटकता पाया गया। महिला के पति और बेटे रात में बाजार से घर आए तो शव देखकर शोर मचाया। खोटही घोसीपुर निवासी मोहर्रम ने बताया कि उनकी पत्नी सरवरी की मानसिक हालत ठीक नहीं रहती थी।
वह आए दिन घर से बाहर निकल जाती थीं। शुक्रवार को वह और उनका दस वर्षीय पुत्र मोनू सब्जी बेचने रामबाग चले गए थे। सरवरी और उनकी तीन वर्ष की बेटी जुलेखा घर पर थीं। रात में बाजार से घर पर आए तो वहां भीड़ लगी थी।
अंदर कमरे में सरवरी का शव फंदे से लटक रहा था।
मोहर्रम की सूचना पर खोटही चौकी की पुलिस पहुंची और शव कब्जे में ले लिया। इस संबंध में चौकी इंचार्ज जगधारी प्रसाद का कहना था कि पति ने घटना की सूचना दी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।