तुर्कपट्टी। जोकवा में हाइवे पर एक ट्रक चालक को पीटकर कुछ व्यक्तियों ने 20 हजार रुपये छीन लिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पटहेरवा थानाक्षेत्र के धौरहरा गांव निवासी ट्रक चालक ओमप्रकाश और उनके भाई जितेंद्र दिल्ली से माल लादकर सोमवार की शाम आसाम जा रहे थे। वह अपने कागजात की जांच करने के लिए अमवा वन बैरियर पर एक दुकान के सामने गाड़ी रोक दिए। दुकान से निकले करीब आठ-दस की संख्या में युवकों से चालक की कहासुनी हो गई।
युवकों ने चालक को पीटकर उनके पास रखे करीब 20 हजार रुपये लेकर भाग निकले। बगल में स्थित मधुरिया पुलिस चौकी पर तैनात एसआई देवेंद्र सिंह को घटना की जानकारी हुई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मारपीट करने वालाें में से एक युवक को हिरासत में लेकर पुलिस चौकी लाई और पूछताछ कर रही है। इस संबंध में एसआई देवेंद्र सिंह ने कहा कि पीड़ित की ओर से तहरीर मिली है। मौके पर पुलिस गई थी। मामले की जांच की जा रही है।