पिपरा बाजार। रामकोला स्थित त्रिवेणी चीनी मिल से मंगलवार की देर रात गन्ना गिरा कर घर जा रहे 42 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर बदमाशों ने ट्रैक्टर लूट लिया। रामकोला थाना क्षेत्र के बंधवा और भुईंसोहरा गांव के बीच बुधवार की सुबह शव देखकर हल्ला हुआ। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार निवासी इस ट्रैक्टर चालक के सिर में पीछे गंभीर चोट के निशान हैं। घटना स्थल से डेढ़ किलोमीटर दूर सड़क के किनारे खाली ट्राली खड़ी थी।
बुधवार की सुबह राहगीरों ने रामकोला-सूर्यनगर रोड पर बंधवा व भुईंसोहरा गांव के बीच पुलिया के नीचे शव पड़ा देखा। हल्ला होने पर आसपास के तमाम लोग वहां जुट गए। रामकोला एसओ विनय कुमार पाठक के पहुंचने के बाद शव की शिनाख्त नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार निवासी फुलमान के रूप में हुई। फुलमान जईछपरा गांव के ज्ञानचंद कुशवाहा का ट्रैक्टर चलाते थे। मंगलवार की रात त्रिवेणी चीनी मिल में गन्ना गिराकर वापस लौट रहे थे। घटनास्थल पर मौजूद रहे लोगों के अनुसार फुलमान के सिर के पिछले हिस्से में गहरी चोट लगी थी और नाक व आंख से खून निकला था। शव मिलने के स्थान के पास ही चप्पल और 200 मीटर दूर रक्त रंजित गमछा पड़ा हुआ था। तकरीबन डेढ़ किलोमीटर दूर माघी माइनर के पास रोड के किनारे खाली ट्राली पड़ी थी, जिसके अगले हिस्से में गन्ना बांधने वाला रस्सा लिपटा था। खून का धब्बा वहां भी था। बताया जाता है कि ट्रैक्टर कुछ दिन पहले ही नई खरीदी गई थी। आशंका जताई जा रही है कि ट्रैक्टर लूटने की खातिर ही बदमाशों ने चालक की हत्या की है। हत्या कर ट्रैक्टर लूटे जाने के मामले की जानकारी होने पर अपर पुलिस अधीक्षक लाल साहब यादव और सीओ खड्डा आरबी सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल की पड़ताल के लिए डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया था।