पडरौना। सोमवार की दोपहर में शहर के ओंकार वाटिका कालोनी स्थित एक मकान के सामने खड़ी स्कूटी की डिकी से ढाई लाख रुपये चोरी हो गए। ये रुपये बिहार के स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी का था, जो उसने बैंक से कुछ देर पहले ही निकाला था।
पीड़ित पक्ष ने पडरौना कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी है।ओंकार वाटिका कालोनी निवासी मनोज कुमार सिंह बिहार प्रांत में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी हैं। सोमवार की दोपहर में उन्होंने पीएनबी के अपने खाते से किसी जरूरत के लिए ढाई लाख रुपये निकाले थे। रुपये स्कूटी की डिकी में रखकर अपने घर पहुंचे और दरवाजे पर स्कूटी खड़ी करके किसी जरूरी काम से अंदर गए। कुछ मिनट बाद ही बाहर निकले तो डिकी खुला देखकर चौंक पड़े। रुपयों वाला झोला भी डिकी से गायब था। मनोज ने शोर मचाया तो पड़ोसी पहुंचे और घटना सुनकर सन्न रह गए।
पडरौना कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
इस संबंध में पडरौना कोतवाली के एसएसआई चौथीराम यादव ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जाएगी।