पडरौना। पुलिस ने दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। इनमें एक पंचायत चुनाव के दौरान तरयासुजान थानाक्षेत्र के बिरवट कोन्हवलिया में बैलेट बॉक्स लूटने का मुख्य आरोपी है, पुलिस ने पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था तो दूसरा आरोपी मोबाइल टॉवर से बैट्रियां चोरी करने वाला बताया जा रहा है।
इन दोनों मामलों के अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। एसपी दीपक कुमार भट्ट ने सोमवार को इसका खुलासा करते हुए पत्रकारों को बताया कि बिरवट कोन्हवलिया गांव का रामप्रवेश ग्राम पंचायत चुनाव के दिन अपने साथियों के साथ मिलकर बैलेट बॉक्स लूटने का प्रयास किया था।
पुलिस के प्रतिरोध पर उसने प्राणघातक हमला किया, इसमें कई अधिकारी कर्मचारी घायल हो गए थे। अपराधियों ने थाने की जीप क्षतिग्रस्त कर वायरलेस सेट भी लूट लिया था। इस मामले में पुलिस ने 10 नामजद और लगभग 300 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था।
उसके एक साथी के पास से वायरलेस सेट बरामद हुआ था। रामप्रवेश इस मामले में नामजद आरोपी था। उसे गिरफ्तार करने के लिए एसपी की तरफ से पांच हजार रुपये इनाम घोषित किया गया था। पुलिस महकमे की तरफ से चलाए जा रहे स्कीम-बी के दौरान बिहार से यूपी की सीमा में दाखिल होने की कोशिश करते समय तरयासुजान थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि दूसरा अपराधी गोलू उर्फ बृजेश पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बसहिया बनवीरपुर का निवासी है। पुलिस को उसकी तलाश वर्ष 2014 से ही थी। वह अंतरजनपदीय टॉवर बैट्री एवं अन्य चोरी करने वाला अपराधी है। उसके अन्य साथी पहले से ही जेल में हैं।
प्रभारी निरीक्षक पडरौना श्रीकांत राय ने अपनी टीम के साथ स्कीम-बी के दौरान बांसी तिराहा स्थित यूपी-बिहार बॉर्डर से गिरफ्तार किया। उसके पास एक चाकू मिला और उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद भुआ। उसने पूछताछ में गोरखपुर से भी बैट्रियां चोरी किए जाने की जानकारी दी।