रामकोला/कप्तानगंज। मुहर्रम की सातवीं के जुलूस में खेल के दौरान नारेबाजी को लेकर रविवार की शाम कप्तानगंज कस्बे में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस को मामला शांत करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं।
बताया जाता है कि रविवार की शाम तकरीबन छह बजे कस्बे में मुहर्रम की सातवीं का जुलूस निकाला गया था। जुलूस में शामिल खिलाड़ी करतब दिखा रहे थे। इसी बीच वे नारेबाजी करने लगे। बगल में पंडाल स्थापित होने के कारण वहां मौजूद समिति के सदस्यों ने विरोध किया तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। वहां हिंदूवादी कार्यकर्ता भी एकत्र होने लगे। बात बढ़ते देखकर थोड़ी देर में वहां काफी संख्या में पुलिसफोर्स बुला ली गई। तब जाकर स्थिति नियंत्रण में आई। इस संबंध में एसओ चौथीराम यादव का कहना था कि काफी मशक्कत के बाद मामला शांत हुआ। स्थिति को देखते हुए पुलिस और पीएसी के जवान मौके पर तैनात कर दिए गए हैं।