कप्तानगंज। थानाक्षेत्र के भड़सर खास गांव में मंगलवार की रात में एक 23 वर्षीया विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता के भाई ने दहेज के लिए गला दबाकर हत्या कर दिए जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति के खिलाफ केस दर्ज किया है।
रामकोला थाना क्षेत्र के पगार चिलवान निवासी राजकुमार ने कप्तानगंज पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बहन सरोज की शादी दो वर्ष पूर्व कप्तानगंज थानाक्षेत्र के भड़सर खास निवासी जितेंद्र से हुई थी।
शादी के बाद उनकी बहन ने एक लड़के को जन्म दिया, वह नौ माह का है। उनकी बहन से पति जितेंद्र बार-बार दहेज में बाइक की मांग करते थे और दबाव बनाने के लिए पीटते भी थे। मंगलवार की रात उन्होंने सरोज की गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में एसओ जैसराज यादव का कहना है कि केस दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।