कप्तानगंज। बुधवार को कप्तानगंज तहसील में तैनात एक लेखपाल को एंटी करप्शन
टीम ने पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते समय रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। वहीं
गिरफ्तार लेखपाल अजय राव को एसडीएम कप्तानगंज सचिन सिंह ने निलंबित कर
दिया है।
गोरखपुर से आई एंटी करप्शन टीम में शामिल इंस्पेक्टर
सभाजीत त्रिपाठी ने बताया कि लेखपाल अजय राव के खिलाफ कोटवा गांव निवासी
मदेश चौरसिया ने शिकायत की थी।
इसमें कहा था कि जमीन के बंटवारे को
लेकर उनके पिता रामाज्ञा चौरसिया से एक रिश्तेदार के साथ विवाद चल रहा है।
एक वर्ष पहले एसडीएम हाटा ने लेखपाल से कोर्रा रिपोर्ट मांगी थी।
रिपोर्ट
के लिए कई बार संपर्क किया, लेकिन रिपोर्ट के लिए रकम की मांग की गई। इसके
बाद मदेश ने बीती 27 फरवरी को एंटी करप्शन गोरखपुर में लेखपाल के खिलाफ
रिपोर्ट दिए जाने के बदले दस हजार रुपये रिश्वत मांगे जाने का आरोप लगाते
हुए लिखित शिकायत की थी। जिस पर एंटी करप्शन की टीम पहले डीएम से मिली।
इसके
बाद टीम दो सरकारी कर्मचारियों को लेकर कप्तानगंज स्थिति लेखपाल के किराए
के मकान पर पहुंची। यहां लेखपाल अजय राव को मदेश चौरसिया ने केमिकल लगे
पांच हजार रुपये दिए, इसी दौरान लेखपाल को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ
गिरफ्तार कर लिया गया।
इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी लेखपाल को
पकड़कर थाने लाया गया। जहां आरोपी लेखपाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण
अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया गया।