रामकोला। शनिवार की देर अपने मासूम बच्चे का इलाज कराकर घर लौट रहे साइकिल सवार दंपति को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। रामकोला थाना क्षेत्र के घिनहुआ के पास हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला और बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि बच्चे की हालत गंभीर है।
रामकोला थाना क्षेत्र के ग्राम बरवा खुर्द निवासी सुनील के दो माह के बच्चे की तबीयत खराब थी। शनिवार को पत्नी पुनीता और बीमार बच्चे को साथ लेकर वह लक्ष्मीगंज गया था। देर रात बच्चे का इलाज कराने के बाद वह पत्नी व बच्चे के साथ घर लौट रहा था। घिनहुआ गांव के सामने अनियंत्रित ट्रैक्टर ने साइकिल में टक्कर मार दी। साइकिल पर बैठी पत्नी पुनीता ट्रैक्टर के नीचे आ गई। मां की गोद से गिरा बच्चा भी घायल हो गया। आसपास के लोग अस्पताल लेकर गए जहां महिला को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।