पनियहवा रेलवे स्टेशन के जीआरपी चौकी पर तैनात एक सिपाही को भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। सिपाही के विरुद्घ गोरखपुर जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया गया है।
गोरखपुर-नरकटियागंज रेल खंड के पनियहवा जीआरपी चौकी पर तैनात एक सिपाही खुलेआम अवैध वसूली में लगा था। पिछले दिनों इस सिपाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। आरोप है कि अवैध वसूली में लिप्त इस सिपाही के मधुर संबंध ट्रेन में अपराधों को अंजाम देने वाले लोगों से भी हैं। मामला चर्चा में आने के बाद जीआरपी के वरिष्ठ अफसरों ने आननफानन सीओ को जांच का आदेश देकर रिपोर्ट तलब की थी।
रिपोर्ट में भी आरोप सही मिलने पर सिपाही के विरुद्ध कई धाराओं में मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि इस रेल खंड पर ट्रेनों में अक्सर तस्करी की बातें सामने आती रहती हैं। लंबी दूरी की कई ट्रेन होने के चलते जहरखुरान गिरोह भी इस रूट पर सक्रिय हैं। सिपाही की हरकत सार्वजनिक होने के बाद आम लोग इस रूट पर होने वाली आपराधिक गतिविधियों के लिए जीआरपी को भी जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। जीआरपी के सीओ तनवीर अहमद ने बताया कि सिपाही को भ्रष्टाचार के मामले में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। उसे निलंबित कर जांच भी शुरू कर दी गई है।