तमकुहीराज। क्षेत्र के पगरा बसंतपुर में लगे एक संचार कंपनी के टॉवर में सोमवार को अचानक आग लग गई। घटना से आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गई। ऑपरेटर ने जान जोखिम में डालकर किसी तरह बिजली आपूर्ति बंद किया। इसके बाद लोगों के सहयोग से आग बुझाने में सफलता मिली।
पगरा बसंतपुर में लगे एक संचार कंपनी के टॉवर का जनरेटर खराब है। ऑपरेटर किसी तरह स्टार्ट करके काम चलाता है। सोमवार को आपरेटर जनरेटर को चालू करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान तेज गंध के साथ केबिन से काला धुआं निकलने लगा। केबिन से धुंआ निकलता देख आसपास मौजूद लोगों इधर-उधर भागने लगे। टॉवर के केबिन मे आग लगा देखकर आपरेटर भी घबरा गया। हिम्मत जुटाकर ऑपरेटर ने केेबिन में लगे सभी स्विच को ऑफ किया। इसके बाद शार्ट सर्किट से लगी आग पर काबू पाया गया।
घटना स्थल पर मौजूद रहे रामजीत पांडेय, ओमप्रकाश, बसुधा पांडेय, राजनारायन आदि का कहना है कि टॉवर मेें आग लगने की यह तीसरी घटना है। यहां अग्निशमन उपकरण भी नहीं है, जिससे कि आपात स्थिति में आग पर काबू पाया जा सके।