कुशीनगर। पिछले माह आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में कसया में गिरफ्तार किए गए संदिग्ध शख्स की उम्र की सही शिनाख्त में जुटी एटीएस को हर रिकॉर्ड में उसकी अलग-अलग जन्मतिथि दर्ज मिल रही है।
इससे एटीएस की टीम हैरान है। बृहस्पतिवार को एटीएस की टीम ने इस संदिग्ध शख्स के गांव के कुटुंब रजिस्टर को निकलवाया। कुटुंब रजिस्टर में दर्ज जन्मतिथि के मुताबिक संदिग्ध को बालिग बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार बृहस्पतिवार को एटीएस की टीम ने पहले सिसवा मठिया गांव के कुटुंब रजिस्टर की नकल हासिल करने की कोशिश की। संदिग्ध शख्स इसी गांव का मूल निवासी है।
एटीएस टीम के लोग पडरौना ब्लॉक पर पहुंचे। वहां इस गांव के कुटुंब रजिस्टर को टीम ने मांगा। इसमें इस शख्स की दर्ज जन्मतिथि और अन्य रिकॉर्ड में दर्ज तिथियों में काफी अंतर हैं।
इस शख्स का सही उम्र जानने के लिए एटीएस की टीम अब तक वह जहां-जहां पढ़ा था, उन स्कूलों का रिकॉर्ड देख चुकी है। उनमें और उसके वोटर आईडी और कुटुंब रजिस्टर में उसकी अलग-अलग जन्म तिथियां दर्ज मिली हैं।