कप्तानगंज। भारतीय स्टेट बैंक की पटखौली शाखा के 39 खाताधारकों के 55 लाख रुपये अवैध तरीके से निकाल लेने के मामले में कैशियर पर गबन व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हो गया है। यह मुकदमा बैंक प्रबंधक की तहरीर पर लिखा गया है। करीब महीना भर पुराने इस मामले में कई बार खाताधारक धरना-प्रदर्शन कर चुुके हैं।
लोगों को आरोप था कि खाते से गलत तरीके से लाखों रुपये निकालकर फरार होने वाले कैशियर के विरुद्ध बैंक प्रबंधन कार्रवाई नहीं कर रहा है। पुलिस भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही थी। अखबारों में लगातार खबर छपने के बाद सोमवार को शाखा प्रबंधक मोहन मुरारी गुप्ता ने एसओ चौथीराम यादव को तहरीर दी। आरोपी कैशियर पर केस दर्ज करने के बाद पुलिस उसकी तलाशी के लिए ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। इस संबंध में एसओ चौथी राम यादव का कहना था कि शाखा प्रबंधक की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। फरार कैशियर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसके घर सिद्धार्थनगर भेजी गई है।
इन ग्राहकों के रकम निकाले
ग्राम सभा देउरवा की अमिरुन निशा के 98 हजार रुपये, मजिबुन नेशा के 45 हजार 600 रुपये, रीता देबी घिवहीं के तीन लाख तैंतालिस हजार रुपये, समीउद्दीन निवासी सुधियानी के एक लाख रूपये, भड़सर के अनमारूल के एक लाख 98 हजार रुपये, राम आधार प्रसाद साखोपार के एक लाख रुपये, अमीरून नेशा पचार के 46 हजार रुपये, मेवा साहनी के 20 हजार रुपये समेत कई ग्राहकों के खाते से रुपये निकाले गए।