पिपरा कनक।
कुशीनगर जनपद में वाहनों की स्पेशल चेकिंग करने आए बलिया के एआरटीओ के चालक व हमराही से ट्रक चालकों व कुछ अन्य लोगों ने लबनिया चौराहे पर मारपीट की। यह विवाद ओवरलोडिंग में पकड़े गए ट्रक को थाने ले जाने के निर्देश पर हुआ। मारपीट के बाद ट्रक चालक गाड़ी लेकर भाग गए। बाद में एआरटीओ अपने चालक व हमराही के साथ पटहेरवा थाने पहुंचे और तहरीर दी।
फोरलेन से गुजरने वाले वाहनों के परमिट व लोड आदि की परिवहन विभाग अक्सर क्रॉस चेकिंग कराता है। इसी के तहत बलिया के एआरटीओ राम सिंह यादव मंगलवार को फोरलेन पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। शाम को पटहेरवा थाना क्षेत्र के लबनिया चौराहे के नजदीक एआरटीओ ने बालू लदे दो ट्रकों को पकड़ा। ओवरलोडिंग व जरूरी कागज उपलब्ध नहीं होने पर एआरटीओ ने दोनों ट्रकों को पटहेरवा थाने ले जाने को कहा। एक ट्रक पर एआरटीओ का वाहन चालक सुदामा जबकि दूसरे पर हमराही श्याम नरायन बैठा था। एआीरटीओ अपनी गाड़ी से अन्य कर्मचारियों के साथ आगे बढ़ गए। कहा जा रहा है कि एआरटीओ के जाने के कुछ देर बाद लक्जरी वाहन से कुछ लोग पहुंचे और एआरटीओ के चालक व हमराही को मारपीट कर ट्रकों से नीचे उतार दिया और गाड़ी लेकर चले गए। कुछ देर बाद इसकी जानकारी मिलने पर एआरटीओ वापस आए और चालक व हमराही के साथ पटहेरवा थाने पहुंचे।
इस संबंध में एसओ शैलेष सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने वालों की तलाश की जा रही है।