कप्तानगंज/इंदरपुर। रविवार को कप्तानगंज कस्बे के दो वर्गों में उपजा विवाद सोमवार को प्रशासन की मध्यस्थता से सुलझ गया। थाना परिसर में दोनों वर्गो के लोगों के बीच हुई बैठक में तय हुआ कि मंगलवार को दिन भर दुर्गा पूजा होगी। रात 12 बजे के बाद वहां मोहर्रम का ताजिया पहुंचेगा और अखाड़े के खिलाड़ी करतब दिखाएंगे। इस दौरान दोनों वर्गों के लोग एक-दूसरे का सहयोग करेंगे और कोई भी व्यक्ति उत्तेजक नारेबाजी नहीं करेगा। दोनों पक्षों ने इस पर लिखित सहमति जताई।
रविवार की शाम को कप्तानगंज कस्बे में सातवीं की जुलूस के दौरान नारेबाजी को लेकर दोनों वर्गों के बीच तनाव हो गया था। तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने माहौल शांत कराया था। सोमवार को एसडीएम कप्तानगंज अरुण कुमार की अध्यक्षता में थाना परिसर में दोनों वर्गों के प्रबुद्ध लोगों की बैठक हुई। बैठक में तय हुुुआ कि मंगलवार को दुर्गाबाड़ी में दिन भर दुर्गा पूजा समारोह मनाया जाएगा। रात साढ़े बारह बजे से दूसरे वर्ग के लोग ताजिया लेकर पहुंचेंगे और अखाड़े का प्रदर्शन होगा। इस दौरान किसी भी भी पक्ष की तरफ से आपत्तिजनक नारेबाजी नहीं की जाएगी। माहौल बेहतर बनाए रखने के लिए दोनों ही समुदाय के लोग एक-दूसरे का सहयोग करेंगे। माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों से प्रशासन पूरी सख्ती से निपटेगा। बुधवार को दोपहर बाद दो बजे से ताजिया जुलूस निकलना शुरू होगा, जो शाम सात बजे तक संपन्न हो जाएगा। इसके बाद रात आठ बजे से दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारी प्रारंभ होगी। बैठक में हियुवा जिलाध्यक्ष संजय सिंह मुन्ना, पूर्व चेयरमैन विजय खेतान, हियुवा तहसील अध्यक्ष बैजनाथ गुप्ता, विशाल सिंह, मनोज अग्रहरी, रमेश मोदनवाल, निकेत खेतान, मणिंद्र अग्रहरी, राधेश्याम, कासिम अली, मुबारक अली, टुन्नू इराकी, इमदाद हुसैन, गुड्डू राइन, अलाउद्दीन अंसारी इत्यादि मौजूद रहे।