नेबुआ रायगंज (कुशीनगर)। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में बीते बृहस्पतिवार की रात एक घर में पकड़े जाने के बाद हुई पिटाई से घायल युवक की शनिवार की सुबह मेडिकल कालेज में मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर आरोपी व्यक्ति के घर वाले फरार हो गए हैं। देर शाम तक युवक का शव अभी गांव नहीं लाया जा सका था।
इस गांव में बीते बृहस्पतिवार की रात हशमुद्दीन नाम का युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर में पहुंच गया था। लड़की के घरवालों की नींद खुल गई और युवक को घर में ही पकड़ लिया गया। पिटाई से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस बीच किसी ने नेबुआ नौरंगिया पुलिस को सूचना दी तो रात में ही पहुंची पुलिस ने घायल युवक को कोटवां सीएचसी भेजा। वहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने भी हालत में सुधार न होता देख मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया था। गोरखपुर मेडिकल कालेज में शनिवार की सुबह युवक की मौत हो गई।
इसकी जानकारी होते ही युवती के घरवाले कहीं गायब हो गए। इस मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने कुछ लोगों के गोरखपुर जाने की बात भी कही जा रही है। देर शाम तक मृत युवक का शव गांव नहीं पहुंचा था। मौत की खबर से युवक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
इस संबंध में नेबुआ नौरंगिया एसओ दिलीप पांडेय ने बताया कि मौत होने की सूचना मिली है। इस मामले में पहले से ही केस दर्ज है। घरवालों के वापस आने व पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के अनुसार धाराओं में बढ़ोत्तरी कर दी जाएगी।