कप्तानगंज। बृहस्पतिवार को कप्तानगंज से गोरखपुर की तरफ जा रही पैसेंजर ट्रेन से आरपीएफ और कस्टम की संयुक्त टीम ने 40 किलोग्राम चरस बरामद किया।
कप्तानगंज के आरपीएफ थाने के प्रभारी निरीक्षक आरपी सिंह ने बताया की गाड़ी संख्या 55041 में तस्करों की ओर से बड़ी खेप में चरस ले जाने की सूचना मिली थी।
इस आधार पर कप्तानगंज जंक्शन से आरपीएफ टीम ने ट्रेन में चढ़कर तलाशी शुरू की। इसके अलावा कस्टम विभाग गोरखपुर की टीम भी तलाशी के लिए पहुंची। तलाशी के दौरान एक डिब्बे के शौचालय में एक बोरा मिला। बोरे में 40 किलो चरस रखा था।
पकड़े गए माल को कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक जय सिंह यादव, एबीडी शुक्ला, नंदकिशोर आदि उपस्थित थे।