कुबेरस्थान। रविवार को दोपहर में कुबेेरस्थान थाना क्षेत्र के शुक्लपट्टी गांव एक युवक ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गया। आनन फानन में लोग उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक के घरवालों ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शुक्लपट्टी गांव का निवासी हलीम ने रविवार की शाम थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका 19 वर्षीय पुत्र साहब हुसैन खह्नवार स्थित एक सिलाई की दुकान पर काम करता था। रोज की भांति रविवार को भी वह दुकान पर गया था। दोपहर करीब 12 बजे घर आते समय पचफेड़ा मोड़ और काली मंदिर के बीच पीछे से आ रही अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
ट्रैक्टर ट्राली पिपरा जटामपुर गांव का एक व्यक्ति चला रहा था। दुर्घटना के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली अपने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया। इसकी सूचना किसी व्यक्ति ने घायल के परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे परिजन युवक को वहां से जिला अस्पताल लेकर गए और उसे भर्ती कराया। वहां कुछ देर बाद ही इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव लेकर परिजन घर पहुंचे और कुबेरस्थान थाने में तहरीर सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।
युवक की मौत से परिवार पर वज्रपात
साहब हुसैन दो भाई और दो बहनों में दूसरे नंबर का था। उससे बड़ी उसकी 18 वर्षीय बहन नजमा की अभी शादी नहीं हुई है, जबकि छोटी बहन नगमा (12) तथा छोटा भाई हुसैन (06) हैं। युवक के पिता मुहम्मद हलीम दिहाड़ी मजदूर हैं, जो मेहनत मजदूरी करके किसी तरह परिवार का भरण पोषण करते हैं। माता हसीना खातून भी घर गृहस्थी के अलावा मजदूरी करके बच्चों को पालने में पति का हाथ बटाती हैं।
घरवाले बताते हैं कि साहब हुसैन घर की रोजी रोटी चलाने में पिता का सहयोग करने के लिए ही कुछ करना चाहता था। ताकि परिवार की आर्थिक स्थिति सुधर सके और बड़ी बहन की शादी हो सके, लेकिन साहब हुसैन की दुर्घटना में मौत से उसके परिजनों की सारी उम्मीदें और सपने टूट गए।