कुशीनगर। पटहेरवा थाना क्षेत्र के पिपराकनक गांव के बोदा टोला के लोगों ने एक नाबालिग लड़के को छह से अधिक मोबाइल के साथ पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। यही लड़का एक माह पहले भी मोबाइल चोरी करते पकड़ा गया था और लोगों ने पुलिस को सौंपा था। दो अन्य लड़के भी चोरी की मोबाइल के साथ पकड़े गए।
पिपराकनक गांव के बोदा टोला निवासी निजामुद्दीन के घर से तीन कीमती मोबाइल चोरी हो चुके हैं। उन्होंने गांव के एक नाबालिग लड़के पर संदेह जताते हुए पुलिस को सूचना दी थी। बृहस्पतिवार को पटहेरवा थाने के दो सिपाही पहुंचे और उस लड़के को पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर छह से अधिक मोबाइल बरामद किया। दो और लड़के भी चोरी के मोबाइल के साथ पकड़े गए, जिन्हें पुलिस अपने साथ लेकर थाने चली गई। एक माह पूर्व पिपरा कनक बाजार में पान बेचने वाले मोहन का मोबाइल चुराकर भागते समय नाबालिग को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। इस संबंध में पटहेरवा थाने के एसओ उमाशंकर यादव का कहना था कि मोबाइल चोरी की सूचना पर दो सिपाहियों को गांव में भेजा गया था। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।