हाटा (कुशीनगर)। मोतीपाकड़ श्रीकांत गांव के खजरौली टोले पर रविवार की शाम को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। ससुर पुलिस की हिरासत में हैं, शेष आरोपियों की तलाश हो रही है।
हाटा कोतवाली के गांव मोतीपाकड़ श्रीकांत गांव के टोला खजरौली में रविवार की रात विनोद की पत्नी माधुरी का शव उसके कमरे में जला हुआ पाया गया था। माधुरी की शादी इसी वर्ष मई माह में हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कमरे का मुआयना कर शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही लड़की को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
मृतका के मामा कैलाश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने देर रात पति विनोद समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। ससुर रामनक्षत्र को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले रखा है। कोतवाल शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।