दुदही (कुशीनगर)। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के ठाढ़ीभार गांव में चल रहा अनशन दूसरे दिन समाप्त हो गया। इस मामले में तरयासुजान पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या और शव छिपाने के आरोप में केस दर्ज होने की सूचना दी है। अनशन स्थल पर पहुंचे विहिम के जिलाध्यक्ष ने जूस पिलाकर अनशन खत्म कराया।
ठाढ़ीभार गांव निवासी भोला बैठा की बेटी रानी का विवाह बीते 26 मई को ही तारयसुजान थाना क्षेत्र के गौरहा बाजार निवासी राजेश से हुआ था।पिता का आरोप है कि लड़की के ससुराल वालों ने 20 हजार रुपए और टीवी के लिए प्रताड़ित करते थे। बीते 24 अगस्त को फ़ोन पर सूचना मिली कि बेटी रानी को जलाकर मार दिया गया है। भोला केस दर्ज कराने के लिए थाने का चक्कर लगाने के बाद मुख्यमंत्री को भी पत्र भेज चुका था। कार्रवाई नहीं हुई तो रविवार को गांव के पंचायत भवन पर आमरण अनशन पर बैठ गया। घटना की जानकारी होने पर विहिम के जिलाध्यक्ष दिग्विजय किशोर शाही मौके पर पहुंचे और एसओ तरयासुजान से इस संबंध में वार्ता की। एसओ ने उन्हें आश्वस्त किया कि इस मामले में पुलिस ने पति समेत परिवार के पांच लोगों पर हत्या और शव छुपाने का केस दर्ज कर लिया है। इसके बाद जूस पिलाकर भोला का अनशन खत्म कराया गया।