प्रेमिका की हत्या के आरोप में हनुमानगंज पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया।
- फोटो : अमर उजाला
खड्डा। प्रेमिका की हत्या और अधजला शव गंडक में फेंक कर फरार हत्यारोपी को डेढ़ वर्ष बाद गुरुवार को हनुमानगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा और कारतूस भी मिला है। इसकी गिरफ्तारी के लिए एसपी की ओर से 25000 रुपये का इनाम भी घोषित था।
एसओ वृजेश मिश्रा ने बताया कि 25 हजार का इनामी संजय चौधरी पुत्र ताराचंद चौधरी निवासी केशव छपरा थाना हनुमानगंज को कोतरहा पुल के पास से घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का तमंचा व दो अदद कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसने कबूल किया कि गांव की सुशीला नामक किशोरी से उसका प्रेम संबंध था। दोनों ने घर से भाग कर मंदिर में शादी की थी। कुछ माह बाहर रहने के बाद घर लौट आए थे। इससे दोनों परिवारों के बीच तनाव चल रहा था।
पूछताछ में संजय ने बताया कि रोजीरोटी के लिए उसका घर से गायब रहना प्रेमिका को अच्छा नहीं लगता था। इसको लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। करीब एक वर्ष पूर्व कहासुनी के बीच हुए झगड़े में चोट लगने से किशोरी की मौत हो गई। आनन-फानन में बिना घर वालों को बताए वह शव को गंडक नदी किनारे ले जाकर जलाने का प्रयास करते हुए नदी में प्रवाहित कर दिया और फिर फरार हो गया।
लड़की के अचानक गायब हो जाने से परेशान पीड़ित पिता ने 10 अप्रैल 2017 को आरोपी के विरुद्ध हत्या कर शव छुपाने की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया गया था। तभी से फरार चल रहा था। एसपी की ओर से उसकी गिरफ्तारी के लिए 25000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की यहीं कहानी बताई। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया।