संदिग्ध परिस्थिति में झुलसी विवाहिता, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव के यादव टोला में बुधवार की रात विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में झुलसने से मौत हो गई। इस घटना के बाद ससुरालवाले घर छोड़कर फरार हो गए। बृहस्पतिवार को सुबह सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिहार के सीवान जिले की निवासी सोनी यादव (22) की शादी बत वर्ष पहले मिश्रौली के यादव टोला निवासी सुभाष यादव से हुई थी। सुभाष बाहर रहकर कमाता था। बुधवार की रात आठ बजे के करीब सोनी को गांव के एक व्यक्ति ने जलती हालत में देखा। शोर मचाने गांव के ढेर सारे लोग जुट गए, तब तक सोनी की मौत हो चुकी थी। शव के बगल में केरोसिन का डिब्बा व माचिस पड़ा था। ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही बृहस्पतिवार को सुबह विशुनपुरा थाने के एसओ गोपाल पांडेय ने पहुंचकर स्थिति देखने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।