चिलम की आग से छह घर जले, लाखों की संपत्ति राख
रामकोला। थाना क्षेत्र के सोहरौना गांव में बुधवार की दोपहर आग लगने से छह लोगों के फूस के घर जल गए। इस आग में इनके घरों की लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। लोगों का कहना था कि बुजुर्ग ने गांजा पीने के बाद चिलम फूस की झोपड़ी में रख दी थी। सुलगते-सुलगते झोपड़ी में आग पकड़ ली। गांववालों और फायरब्रिगेड के अथक प्रयास के बाद आग बुझाई जा सकी।
बताया जा रहा है कि सोहरौना निवासी बुजुर्ग अकलू गांव के ही कुछ लोगों के साथ दोपहर करीब एक बजे गांजा पीए और उसके बाद चिलम झोंपड़ी में खोंसकर कहीं चले गए। उसमें पड़ी चिनगारी से झोपड़ी में आग लग गई, जिससे एक-एक कर अकलू की झोपड़ी के साथ साथ केशव, वारिस, मोहम्मद शहीद, रामा और आशिक के फूस के आशियाने भी धू-धूकर जलने लगे उठे। इसके बाद गांव में अफरा तफरी मच गई। गांव के प्रधान विजय तिवारी, पंकज तिवारी, धर्मपाल तिवारी, दया तिवारी, मनोज तिवारी सहित अन्य लोग निकट के कुंए से पानी निकालकर आग बुझाने लगे। सूचना मिलते ही अग्निशमन दस्ता भी पहुंचा। काफी प्रयास के बाद आग बुझाई जा सकी। तब तक इन घरों समेत इनमें रखी लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। सूचना मिलने पर जिला पंचायत सदस्य फूलबदन कुशवाहा भी गांव में पहुंचे और अग्निपीड़ितों का हाल जाना। राजस्वकर्मियों की टीम ने क्षति का आंकलन किया।