लूट के मामले में कार्रवाई नहीं करने का आरोप
लक्ष्मीगंज। खोटही गांव के सीतापट्टी टोले में रिश्तेदारी में आए युवक की बाइक रास्ते में बदमाशों ने लूट ली थी। पुलिस ने अगले दिन बाइक बरामद कर उसे सौंप दी, लेकिन अभी तक आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित ने अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की।
महाराजगंज जिले के श्यामदेउरवा क्षेत्र के पिपरपाती गांव निवासी विनोद गुरुवार को सीतापट्टी टोले में अपने रिश्तेदार के घर आए थे। रात में लौटते समय खोटही चौकी से करीब 500 मीटर दूर केरवनिया चौराहे पर बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोका। पहले पुलिस कर्मी होने का रौब गांठा और उसकी बाइक लूट ली। कुछ देर बाद विनोद ने मोबाइल से रिश्तेदार को सूचना दी। मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों ने यूपी-100 को बुलाया। थोड़ी देर में थाने की पुलिस भी पहुंच गई। अगले दिन शुक्रवार को लूटी बाइक पुलिस ने बरामद कर ली। विनोद का कहना है कि पुलिस ने उसकी बाइक लौटा दी, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस का कहना है कि विनोद शराब के नशे में अपनी बाइक छोड़ कर चले गए थे और लूट की झूठी सूचना दे दी। पुलिस ने बाइक बरामद कर उनको सौंप दिया।