हाटा। नगर पालिका हाटा कस्बे के पूर्वी छोर पर नहर के किनारे शनिवार को चाय विक्रेता की लाश मिली। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हाटा नगर पालिका के वार्ड नंबर तीन करमहा नगर पिपरा कपूर निवासी 50 वर्षीय राम आशीष गौड़ चाय की दुकान चलाते थे। परिजनों ने बताया कि रात में भोजन के बाद वह कहीं चले गए और रात में घर नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। शनिवार को नहर के किनारे उनकी लाश मिली। वह कुछ समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित बताए गए। उनके चार बेटे हैं। बड़ा बेटा उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही है। चाय विक्रेता की मौत की वजह को लेकर तमाम तरह की चर्चा है। कोतवाल कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि चाय विक्रेता राम आशीष गौड़ का शव मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।