जौरा बाजार (कुशीनगर)। पटहेरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा जौरा बाजार के गोविंद टोला के सामने शनिवार की दोपहर में एक युवक ने एक युवती की पिटाई कर दी। युवती का दोष सिर्फ इतना था कि उसके युवक की तरफ से की गई छेड़खानी का विरोध किया। युवक की पिटाई से युवती की बांह फ्रैक्चर हो गई। गांव के लोग पहुंचे तो आरोपी युवक बाइक छोड़कर भाग निकला। लोगों की सूचना पर डॉयल 100 पुलिस पहुंची और युवती को फाजिलनगर सीएचसी भेजा। मौके से मिली बाइक को पटहेरवा थाने भेजा गया।
पड़ोसी जिला देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती पटहेरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदार के घर आई थी। शनिवार को वह जौरा बाजार से कुछ सामान खरीदकर रिश्तेदार के घर वापस जा रही थी। जौरा बाजार के गोविंद टोला के सामने सोनबरसा गांव के बाइक सवार युवक ने लड़की के साथ छेड़खानी कर दी। युवती ने विरोध किया तो युवक उससे अभद्र भाषा में बात करने लगा। आरोप है कि युवक ने मारकर युवती की बांह तोड़ दी। सड़क पर युवती को पिटता देख गांव के लोगों ने आरोपी युवक को दौड़ लिया। युवक अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। लोगों ने 100 नंबर की पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने घायल लड़की को इलाज के लिए फाजिलनगर सीएचसी भेजा। मौके पर मिली आरोपी युवक की बाइक को भी पटहेरवा थाने भेजा गया।
इस संबंध में एसओ पटहेरवा निर्भय सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी है। आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। मामले की छानबीन हो रही है।