जिले में मंगलवार सुबह मारपीट की चार घटनाओं में 12 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से छह घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। कुबेस्थान थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरा जटामपुर के नौका टोला में दो पक्षों के बीच लंबे अरसे से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। एक पक्ष मंगलवार को जमीन की पैमाइश कराकर मेड़बंदी कर रहा था। दूसरे पक्ष के लोग पहुंचे और इसका विरोध करने लगे। बात बिगड़ी और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इसमें गोरख गुप्ता (55) उनकी पत्नी पानमती (50) व पुत्र प्रमोद (17) को गंभीर चोटें आईं। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी कुबेरस्थान भिजवाया। चिकित्सकों ने तीनों घायलों की स्थिति नाजुक बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दूसरी घटना इसी गांव के बिचला टोले पर हुई जहां दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में अर्जुन (25) तथा सूरज (50) घायल हो। इनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुबेरस्थान में चल रहा है। एसओ अरविंद कुमार मिश्र का कहना है कि घटनाओं की जानकारी होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए भिजवाया गया। दोनों ही मामलों में अभी किसी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है।
वहीं पटहेरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बलुआ शमशेर शाही के चौराहे पर विक्रम की चाय की दुकान है। कहा जा रहा है कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे। कुछ देर बात बीती सात जून को कोटे की दुकान के विरुद्ध अनशन करने के मामले को लेकर दुकानदार विक्रम से कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। इस विवाद में विक्रम, भरदुल व विद्यांति को गंभीर चोटें आईं। गांव के लोगों ने बीच बचाव कराकर मामला शांत कराया। घायलों को फाजिलनगर सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस मामले से जुड़े दूसरे पक्ष की तरफ से ग्राम प्रधान व्यास तिवारी ने भी तमकुहीराज के एसडीएम व सीओ को ज्ञापन देकर कहा है कि गांव के एक चकमार्ग को कुछ लोगों ने अपने खेत में मिला लिया है। इसकी पैमाइश के लिए तहसील में प्रार्थना पत्र दिया गया है। इससे नाराज लोगों ने मंगलवार को गांव के चौराहे पर उन पर हमला बोल दिया। प्रधान के अनुसार एक व्यक्ति के घर में घुसकर उन्होंने जान बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उस घर में भी घुसकर उनपर हमला किया। इस संबंध में थानाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने बताया की मामले की जानकारी है। तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के गांव खैरटिया शीतलापुर के जगदेवा टोला में मंगलवार शाम जमीन संबंधी विवाद में दो पक्ष के लोगों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट में दोनों पक्ष के चार लोग घायल हो गए। खैरटिया शीतलापुर के जगदेवा टोला निवासी मैनेजर के यहां अगले माह मांगलिक कार्यक्रम है।परिवार के लोग घर के पास ही सफाई करा रहे थे कि दूसरे पक्ष के योगेन्द्र ने जमीन को अपना बताते हुए सफाई कराने से मना किया। इस बात को लेकर विवाद हो गया। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्ष से 25 वर्षीय धनेश, 27 वर्षीय गीता, 56 वर्षीय योगेन्द्र और 26 वर्षीय कमलेश घायल हो गए। एसओ शैलेश सिंह ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।