खड्डा (कुशीनगर) । थाना क्षेत्र के सोहरौना गांव में महिला की गला काटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। महिला के पति ने ही अपनी मां के साथ मिलकर उसकी हत्या की थी। उसके बाद शव रेलवे लाइन पर रखकर उसे आत्महत्या साबित करने का प्रयास किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत से पहले छह चोट मिलने की बात सामने आई है। इसके अलावा पूछताछ में महिला के पति ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। हत्या के पीछे सास-बहू में झगड़ा होना वजह बताई जा रही है। पुलिस ने हत्यारोपी पति और सास को जेल भेज दिया है।
खड्डा थाना क्षेत्र के सोहरौना गांव निवासी मनीष चौधरी की पत्नी की सिरकटी लाश पुलिस ने उसके घर से बरामद किया था। मनीष ने बताया था कि पारिवारिक झगड़े में उसकी पत्नी ने ट्रेन से कटकर जान दे दी थी, लेकिन मृतका के पिता कन्हैया ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति, सास, दो ननद तथा दो अज्ञात सहित कुल छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया था। हत्या और आत्म हत्या में उलझी पुलिस जब तफ्तीश शुरू की तो सन्न रह गई।
सोहरौना गांव के राजा चौधरी के बेटे मनीष की शादी पडरौना कोतवाली क्षेत्र के कोठिलवा गांव निवासी कन्हैया की 22 वर्षीय पुत्री सीमा से हुई थी। दोनों से छह माह की एक बच्ची भी है। सीमा की सास सरस्वती आशा कार्यकर्ता हैं। सास बहू में अक्सर झगड़ा होता था। मनीष इस झगड़े से परेशान रहता था और सीमा को मारता पीटता था।
पुलिस के मुताबिक घटना के एक दिन पहले सास बहू में खूब झगड़ा हुआ था। नाराज होकर सास ने बहू को बाहर निकालकर कमरे में ताला बंदकर बरामदे में छोड़ दिया था। वह बिना खाए पीए बाहर बैठी रही। पुलिस के मुताबिक मनीष घर आया तो सीमा पर ही दोष मढ़ने लगा। इससे बात और बढ़ गई। ापहले तो मनीष ने सीमा की पिटाई की, जिससे वह बेहोश हो गई। उसके बाद धारदार हथियार से मां-बेटे ने सीमा की गला काटकर हत्या कर दी। उसके बाद इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को रेलवे लाइन पर रख दिया, लेकिन उस दरम्यान कोई ट्रेन नहीं गुजरी। उसे ढूंढने का बहाना बनाकर मनीष शव घर लेकर चला आया और लोगों से उसे आत्महत्या बताया।
पुलिस तफ्तीश व पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीमा के शरीर पर कुल छह जख्म मिले। खड्डा थाने के एसओ विनय पाठक ने इस घटना का खुलासा करने के बाद कहा कि सीमा के हत्यारोपी पति व सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद हो गया है। इस हत्या में और भी कोई शामिल था या नहीं, इसकी विवेचना चल रही है।