कोविड : तीसरी लहर से जंग की तैयारियों की हुई समीक्षा
पडरौना (कुशीनगर)। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को कोविड समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान डीएम ने कोविड महामारी की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम एस. राजलिंगम ने सबसे पहले आरटीपीसीआर लैब में सैंपल के संबंध में समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सैंपलिंग की रिपोर्ट उन्हें प्रतिदिन सौंपी जाए। कितने सैंपल नियमित तौर पर रोज जमा हो रहे हैं, इसकी रिपोर्ट उन्हें नियमित दी जाए। सैंपल लेने से मना करने पर संबंधित के खिलाफ मुकदमा भी कराया जाए। इसी क्रम में उन्होंने बैठक में ऑक्सीजन प्लांट, वेंटीलेटर, ऑक्सीजन पाइपलाइन आदि के संबंध में निर्देश दिया कि कार्य की गति में तीव्रता लाई जाए। इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तीसरी लहर की चुनौती का सामना करने के लिए जल्द से जल्द ऑक्सीजन प्लांट व पाइपलाइन संबंधित कार्य संपन्न हो जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जनपद में प्रस्तावित जगहों पर लंबित ऑक्सीजन प्लांट व पाइपलाइन का कार्य समय से एवं शीघ्र पूर्ण कराए जाएं।
इसी क्रम में डीएम ने अस्पतालों में मेडिकल उपकरणों की व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने एक्स-रे मशीन, जेनरेटर एवं अन्य मेडिकल उपकरण के संबंध में जल्द से जल्द उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सीएमओ को निर्देश दिया। बैठक में उन्होंने टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की और टीकाकरण केंद्रों पर कोविड गाइडलाइन के पालन के निर्देश दिए। शुक्रवार को जनपद में कोविड के दो नए मामले सामने आए। दोनों कसया क्षेत्र से संबंधित हैं।
डीएम ने संबंधित मामलों में कांट्रैक्ट ट्रेसिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में एईएस और जेई के मामलों के बारे में समुचित ध्यान देने के लिए सीएमओ को निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित ग्राम प्रधान तथा आशा के साथ वर्चुअल संवाद किए जाने के भी निर्देश दिए। सीडीओ अनुज मलिक, सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया तथा स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद थे।