मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक क्षेत्र के माघी कोठीलवा गांव के बलुआ टोला के सामने चैती राजवाहा नहर की पटरी पर सोमवार दोपहर बाद ठेकेदार की तरफ से पेड़ वाहन पर लादा जा रहा था। इस दौरान सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने नीलामी से अधिक पेड़ लोड किए जाने का आरोप लगाते हुए काम रुकवा दिया और इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी।
जानकारी के अनुसार, चैती राजवाहा नहर की पटरी पर कुल 150 पेड़ों की नीलामी ठेकेदार के नाम हुई थी। ठेकेदार ने करीब एक सप्ताह पहले सभी पेड़ काट लिए थे। विभाग के मुताबिक जमीन पर गिरे कुछ पेड़ नीलामी सूची में शामिल नहीं थे। सोमवार को ठेकेदार उन पेड़ों को ट्रैक्टर से खींचकर सड़क की ओर लोड करवा रहा था।
मामले की जानकारी मिलते ही सिंचाई विभाग के जेई सुमित जायसवाल और अमीन मौके पर पहुंचे और पेड़ों को लोड होने से रोक दिया। इस दौरान ठेकेदार और विभागीय कर्मचारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। बाद में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी कि काटे गए पेड़ों की गिनती कराई जाएगी।
जेई सुमित जायसवाल ने बताया कि नहर पटरी पर कुल 150 पेड़ों की नीलामी हुई थी, जिन्हें ठेकेदार ने काट लिया है। रोका गया पेड़ नीलामी में शामिल नहीं था। ठेकेदार का दावा है कि उसका पेड़ कम है, इसलिए पेड़ों की गिनती कराई जाएगी। गिनती के बाद तय होगा कि पेड़ किसके हिस्से में आएंगे। पूरे मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।